खेल

वर्ल्ड कप के बीच बुरी खबर, प्रसिद्ध खिलाड़ी बिशन सिंह बेदी का निधन

भारत की मेजबानी में खेले जा रहे वनडे वर्ल्ड कप 2023 के बीच
77 साल की उम्र में पूर्व भारतीय दिग्गज स्पिनर बिशन सिंह बेदी का निधन हो गया है। 1970 के दशक
में स्पिन गेंदबाजी के प्रसिद्ध खिलाड़ी बिशन सिंह बेदी अब नहीं रहे। बिशन सिंह बेदी का जन्म 25
सितम्बर 1946 को अमृतसर में हुआ था। वह बाएं हाथ के शानदार गेंदबाज़ थे। उन्होंने भारत के लिए
1966 से 1979 तक टेस्ट क्रिकेट खेला है। उन्होंने 22 टेस्ट मैचों में भारत की कप्तानी भी की थी।

उन्होंने 67 टेस्ट मैचों में 266 विकेट चटकाए। उन्होंने 1560 विकेटों के साथ अपना प्रथम श्रेणी क्रिकेट
करियर खत्म किया।

मशहूर स्पिनर चौकड़ी का थे हिस्सा
बेदी ने भारत के लिए 1966 से 1979 तक टेस्ट क्रिकेट खेला था। वह भारत की मशहूर स्पिन चौकड़ी
का हिस्सा रहे हैं। उनके अलावा इसमें इरापल्ली प्रसन्ना, श्रीनिवास वेंकटराघवन और भागवत चंद्रशेखर
थे। चारों ने मिलकर 231 टेस्ट खेले और 853 विकेट हासिल किए।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ किया था सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन
बेदी ने 1969–70 में कोलकाता टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक पारी में 98 रन देकर सात विकेट
लिए थे। यह एक पारी में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। वहीं, मैच की बात करें तो 1977–78 में पर्थ के
मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 194 रन देकर कुल 10 विकेट झटके थे। उन्होंने टेस्ट में इकलौता
अर्धशतक 1976 में कानपुर टेस्ट में न्यूजीलैंड के खिलाफ लगाया था।

भारतीय टीम की कप्तानी भी की थी
बिशन सिंह बेदी को भारतीय टीम की कप्तानी करने का भी मौका मिला था। उन्हें 1976 में यह
जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बेदी को महान क्रिकेटर मंसूर अली खान पटौदी की जगह कप्तान बनाया गया
था। बतौर कप्तान उन्हें पहली जीत वेस्टइंडीज के खिलाफ पोर्ट ऑफ स्पेन में 1976 के दौरे पर मिली
थी। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू मैदान पर टेस्ट सीरीज में 3-1, ऑस्ट्रेलिया दौरे पर टेस्ट सीरीज
में 3-2 और पाकिस्तान दौरे पर टेस्ट सीरीज 2-0 से मिली हार के बाद उन्हें कप्तानी से हटा दिया गया
था। उनके बाद सुनील गावस्कर कप्तान बने थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *