LatestNews

प्रधानमंत्री सुबह से लेकर शाम तक निर्दाेष लोगों को जेल में डालने और बदले की कार्रवाई करने का काम कर रहे हैं- केजरीवाल

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा के घर सोमवार को हुई ईडी की रेड को राजनीति से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सुबह से लेकर शाम तक निर्दाेष लोगों को जेल में डालने और बदले की कार्रवाई करने का काम कर रहे हैं। लेकिन देश अब जान चुका है कि प्रधानमंत्री केवल अपने एक मित्र के लिए काम कर रहे हैं, लोग उनसे परेशान हैं। इन लोगों ने हमारे तमाम नेताओं को गिरफ़्तार किया और आज राज्यसभा सांसद संजीव अरोड़ा के घर पर ईडी की रेड डलवा दी। यह भ्रष्टाचार के खिलाफ जांच नहीं हो रही है, बल्कि आम आदमी पार्टी और हमारे नेताओं को ख़त्म करने के लिए किया जा रहा है। हमने कोई ग़लत काम नहीं किया है। हमारे साथ भगवान हैं तो हमें कोई डर नहीं है।

उधर, वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी एक गंभीर बीमारी का शिकार हो चुके हैं। उनकी बीमारी का नाम है “नफरती बीमारी”, जो कि एक लाइलाज बीमारी है। प्रधानमंत्री मोदी को आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल से इतनी नफरत है कि दिन-रात उनका एक ही मकसद है कि किसी तरह इस पार्टी और अरविंद केजरीवाल को खत्म करो। उनके नेताओं को पकड़-पकड़कर जेल में डालो। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी को बहुत बड़ी गलतफहमी है। यह आम आदमी पार्टी है, हम उनकी बंदर घुड़कियों से डरने वाले नहीं हैं।

संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने मनीष सिसोदिया को 17 महीने जेल में रखा, लेकिन उनके घर से एक रुपया भी नहीं मिला। दिल्ली के तत्कालीन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को 6 महीने जेल में रखा। उन्हें इंसुलिन नहीं दी। उन्हें मारने तक की साजिश की। प्रधानमंत्री देश को बताएं कि उनके घर से क्या मिला? इन्होंने सत्येंद्र जैन को दो साल से अधिक समय से जेल में रखा हुआ है। जेल में उस व्यक्ति का 36 किलो वजन कम हो गया। मोदी जी बताएं, उनके घर से क्या मिला? इन्होंने मुझे 6 महीने जेल में रखा। प्रधानमंत्री जी के पास देश के रोजगार, इलाज, शिक्षा, देश की तरक्की और किसान के लिए फुर्सत नहीं है। उन्हें दिन-रात केवल रेड मरवाना है, वो भी एक ऐसी एजेंसी से जिसे बार-बार सुप्रीम कोर्ट से लताड़ मिल रही है।

संजय सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री आम आदमी पार्टी और अरविंद केजरीवाल को खत्म करने के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार हैं और देश के सभी भ्रष्टाचारी और बेईमान जिन पर प्रधानमंत्री खुद आरोप लगाते हैं, उन्हें दूसरे दिन जाकर खुद गले लगा लेते हैं। मनगढ़ंत आरोप लगाने की कोई सीमा नहीं है। मोदी और भाजपाई इस देश का एक नौटंकी दल बन गया है। ये फर्जी बातें और अफवाह फैलाने की कंपनी है। इसके अलावा कुछ नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी देश को क्यों नहीं बताते कि उन्हें अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, सत्येंद्र जैन और संजय सिंह के यहां से क्या मिला? उन्होंने रेड मारी, हमें पकड़ा और जेल में डाला, वह देश को बताएं कि उन्हें क्या मिला? संदीप अरोड़ा राज्यसभा के सांसद हैं। वह बहुत सारे चैरिटी के अच्छे काम करते हैं। लेकिन केवल इसलिए कि वह आम आदमी पार्टी के सांसद हैं, उनके घर रेड डलवा दी गई।

वहीं, आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा ने अपने एक्स हैंडल पर अपने यहां ईडी की रेड पड़ने की जानकारी साझा की। उन्होंने पोस्ट में लिखा कि मैं कानून का पालन करने वाला नागरिक हूं, मुझे इस तलाशी की वजह नहीं पता है। लेकिन मैं एजेंसियों का पूरा सहयोग करूंगा और उनके हर सवाल का जवाब दूंगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *