दिल्ली

संजय सिंह की गलत गिरफ्तारी और मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ ‘‘आप’’ का प्रचंड प्रदर्शन, पुलिस ने भाजपा मुख्यालय जाने से रोका

आप’’ सांसद संजय सिंह की गलत गिरफ्तारी और मोदी सरकार की तानाशाही के खिलाफ मंगलवार को आम आदमी पार्टी ने भाजपा मुख्यालय पर प्रचंड विरोध प्रदर्शन किया।

दिल्ली के कोने कोने से आए हजारों ‘‘आप’’ कार्यकताओं और समर्थकों ने हाथों में नारों से लिखी तख्तियां लेकर भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और सांसद संजय सिंह को तुरंत रिहा करने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस के भारी बल प्रयोग का भी सामना करना पड़ा। पुलिस ने बैरिकेडिंग कर कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया। ‘‘आप’’ का कहना है कि अडानी का घोटाला खोलने पर संजय सिंह की गिरफ्तारी की गई है। पुलिस ने शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ बल प्रयोग किया और विरोध करने पर पुलिस ने लाठीचार्ज की, जिसमे कई कार्यकर्ताओं को गंभीर चोटें आई है। कुछ कार्यकर्ता पुलिस की लाठी से लहूलुहान तक हो गए। इसके बाद पुलिस ने सैकड़ों कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया।

भाजपा मुख्यालय के पास प्रचंड विरोध प्रदर्शन करते हुए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मोदी सरकार और भाजपा के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मोदी जब-जब डरता है-ईडी को आगे करता है, मोदी तेरी तानाशाही, नहीं चलेगी-नहीं चलेगी, संजय सिंह शेर है, संजय सिंह को रिहा करो, भाजपा मुर्दाबाद, ईडी-सीबीआई मुर्दाबाद, 2024 में मोदी को जाना होगा, ‘लोकतंत्र की हत्या बंद करो, ‘ईडी-सीबीआई भाजपा के भाई समेत अन्य नारे लगाए। वहीं, दिल्ली पुलिस ने जबरन ‘‘आप’’ नेताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया, जिसके कारण कुछ देर बाद प्रदर्शन को समाप्त करना पड़ा।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद और राष्ट्रीय संगठन महामंत्री डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि बीजेपी ने फर्जी मुकदमे में संजय सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

बीजेपी जानती है कि अब आम आदमी पार्टी को रोक पाना मुश्किल है। इसीलिए वह आम आदमी पार्टी के नेताओं पर झूठे आरोप लगाकर जेल में डाल रही है। भाजपा अपने चुनावी फायदे के लिए जिस तरह से ईडी और सीबीआई जैसी संस्थाओं का दुरुपयोग कर रही है। यह सब देश की जनता देख रही है। अब जनता ने बीजेपी को सत्ता से उखाड़कर फेंकने का मन बना लिया है। पांच राज्यों में होने वाले अगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को करारी हार मिलने वाली है।

सांसद डॉ. संदीप पाठक ने आगे कहा कि बीजेपी संविधान और लोकतंत्र को खत्म करने का षड्यंत्र रच रही है। मैं बीजेपी की सरकार को कहना चाहता हूं कि आप चाहे जितने भी फर्जी मुकदमे आम आदमी पार्टी के नेताओं पर कर लीजिए, आप चाहे जितने भी आम आदमी पार्टी के नेताओं को जेल में डाल दीजिए हम डरने वाले नहीं हैं। अब आम आदमी पार्टी को रोक पाना नामुमकिन है। हमारे लिए देशहित सर्वोपरि है, हमारी लड़ाई देश के संविधान को बचाने के लिए है। हमारी लड़ाई देश में चल रही बीजेपी की तानाशाही के खिलाफ है। हम इस तानाशाही का डटकर सामना करेंगे।

दिल्ली सरकार में मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष गोपाल राय ने कहा कि आज पूरा देश मोदी सरकार की तानाशाही देख रहा है। मोदी जी जानते हैं कि उनकी विदाई तय है इसलिए उन्होंने सारी एजेंसियों और पुलिस को आगे कर दिया है। मोदी सरकार की तानाशाही का जवाब किस तरीके से देना है यह देश की जनता जान चुकी है। इस बार देश की जनता अपने मत से मोदी सरकार को सत्ता से बाहर करने का काम करेगी।

गोपाल राय ने आगे कहा कि प्रदर्शन में शामिल आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ पुलिस द्वारा बर्बरता की गई। आखिर बीजेपी और मोदी सरकार को आम आदमी पार्टी से इतना डर क्यों लगता है? संजय सिंह की गिरफ्तारी देश के लोकतंत्र पर हमला है। मैं बीजेपी से पूछना चाहता हूं कि ईडी के पास संजय सिंह के खिलाफ क्या सबूत है? उनको किस आधार पर गिरफ्तार किया गया है?

प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष कुलदीप कुमार ने कहा कि पिछले 15 महीनों से ईडी-सीबीआई मोदी जी के कहने पर एक फर्जी केस में जांच कर रही है लेकिन उन्हें कुछ नहीं मिला। सुप्रीम कोर्ट ने भी कहा कि जिस आधार पर ईडी ने यह गिरफ्तारी की है, यदि यह केस कोर्ट में जाएगा तो एक मिनट नहीं टिकेगा। इसके बाद भी लगातार गिरफ्तारी जारी है। सांसद संजय सिंह गरीबों की बुलंद आवाज़ हैं जो मोदी सरकार के खिलाफ बोलने में बिल्कुल हिचकिचाते नहीं हैं। इसलिए मोदी सरकार ने ईडी के माध्यम से उनको गिरफ्तार करवाया है।

उन्होंने कहा कि इस विरोध प्रदर्शन में पुलिस ने जिस प्रकार से मार-पीट की है, कई लोगों के सिर फट गए और कई महिलाओं को भी चोट आई है। पुलिस की यह बर्बरता दिखाती है कि मोदी जी के इशारे पर संविधान को बदला जा रहा है। इस देश के लोकतंत्र को खत्म करने की कोशिश की जा रही है। मैं मोदी जी से कहना चाहता हूं कि चाहे आप कुछ भी कर लो, 2024 के चुनाव में आपका जाना तय है। आपके मंसूबों के खिलाफ आम आदमी पार्टी सड़क से लेकर सदन तक लड़ाई जारी रखेगी।

आम आदमी पार्टी के विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष ऋतुराज झा ने कहा कि जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आते जा रहे हैं भाजपा की बौखलाहट बढ़ती जा रही है। भाजपा लगातार आम आदमी पार्टी के नेताओं को निशाना बना रही है। संजय सिंह की गिरफ्तारी भारतीय इतिहास के लिए एक कल दिन है। ईडी और सीबीआई का बीजेपी के इशारों पर काम करना देश के लिए सही नहीं है। दिल्ली पुलिस द्वारा आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट करना एक शर्मनाक हरकत है।

उधर, आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता आदिल अहमद खान ने कहा कि हमारा सिर्फ एक सवाल है कि पिछले 15 महीनों के तथाकथित शराब घोटाले में ईडी को क्या मिला? इन्होंने मनीष सिसोदिया को गिरफ्तार कर लिया, उनका घर, बैंक लॉकर, गांव, सब छान मारा, लेकिन आजतक ये नहीं बता पाए कि आपने क्या बरामद किया है। फिर आपने संजय सिंह के घर पर पूरा दिन छापेमारी की। इसके बावजूद आप नहीं बता पा रहे हो कि आपको उनके घर से क्या मिला? खुद सुप्रीम कोर्ट ने भी सवाल किया है कि आप बताएं कि आपको क्या मिला है? आपको भ्रष्टाचार के 25 पैसे भी नहीं मिले हैं। इसके बावजूद आम आदमी पार्टी के नेताओं को गिरफ्तार किया गया है। प्रदर्शन के समय मोदी जी की दिल्ली पुलिस ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं की लाठी से पिटाई की, उन्हें लहूलुहान कर दिया। मैं पूछना चाहता हूं कि मोदी जी, अगर कोई सावल करेगा तो क्या आपकी पुलिस उसपर लाठीचार्ज करेगी? हम अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं, सिर पर कफन बांधकर निकले हैं, हम न्याय और संविधान के लिए लड़ते रहेंगे। आपकी लाठियों से हम रुकने वाले नहीं हैं।

प्रदर्शन में शामिल आम आदमी पार्टी के विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता ने कहा कि मोदी जी ईडी और सीबीआई के द्वारा आम आदमी पार्टी को खत्म करना चाहते हैं। लेकिन, मोदी जी यह नहीं जानते की आम आदमी पार्टी आंदोलन से निकली हुई पार्टी है। हमें जेल जाने से डर नहीं लगता। जब तक मोदी जी संजय सिंह को रिहा नहीं कर देते तब तक हमारा आंदोलन जारी रहेगा।

आम आदमी पार्टी के विधायक एवं प्रदेश उपाध्यक्ष गुलाब सिंह यादव ने कहा कि जिस तरह से मोदी जी की पुलिस ने आज आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसाईं वह बेहद शर्म की बात है। मोदी जी की पुलिस ने महिलाओं को भी नहीं छोड़ा, उनके साथ भी मारपीट की गई। बीजेपी को देश की जनता को बताना चाहिए कि संजय सिंह के घर छापेमारी में आपकी ईडी को क्या मिला? आज जो भी मोदी सरकार से सवाल करता है उसको जेल में बंद कर दिया जाता है। पूरे देश में मोदी जी की तानाशाही चल रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *