हरियाणा स्टेट इंटर कॉलेज बैडमिंटन चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ।
बरवाला, राजकीय महाविद्यालय, बरवाला (पंचकूला) द्वारा उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा के तत्वावधान में हरियाणा स्टेट इंटर कॉलेज बैडमिंटन चैंपियनशिप 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। यह राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता 8 फरवरी से 10 फरवरी तक आयोजित की जा रही है। इस प्रतियोगिता में हरियाणा राज्य के विभिन्न सरकारी एवं निजी महाविद्यालयों की पुरुष एवं महिला टीमों ने भाग लिया है। प्रतियोगिता में लड़कों के वर्ग में 8 टीमें तथा लड़कियों के वर्ग में 9 टीमें भाग ले रही हैं।
टूर्नामेंट का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, टीम भावना तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है।इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. सुरेश चहल ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि सभी विद्यार्थियों को खेल प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेना चाहिए, क्योंकि जीत से अधिक महत्वपूर्ण भागीदारी होती है, जो प्रत्येक खिलाड़ी के व्यक्तित्व विकास के लिए आवश्यक है। कार्यक्रम में पर्यवेक्षक की भूमिका डॉ. कपिल शर्मा ने निभाई तथा प्रतियोगिता के सुचारु संचालन हेतु खिलाड़ियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिवाच ने बताया कि खेल गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं और इस प्रकार के राज्य स्तरीय टूर्नामेंट छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर प्रदान करते हैं।

पुरुष वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एनआईआईएलएम यूनिवर्सिटी, कैथल ने गवर्नमेंट पीजी कॉलेज, हिसार को 3-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। वहीं स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, सोनीपत ने गवर्नमेंट कॉलेज सेक्टर-9, गुरुग्राम को 3-0 से हराकर अंतिम चार में जगह बनाई। महिला वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में एनआईआईएलएम यूनिवर्सिटी, कैथल ने स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी, सोनीपत को 2-0 से पराजित किया।
प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।

