hariyana

बरवाला :72 ग्राम हेरोइन के साथ युवक काबू, आरोपी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर

बरवाला, पंचकूला पुलिस द्वारा नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत डिटेक्टिव स्टाफ की टीम को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने चंडीमंदिर थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक युवक को हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी से 72 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है, जिसकी बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है।

एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने जानकारी देते हुए बताया कि 10 मार्च को डिटेक्टिव स्टाफ की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक पंचकूला के चंडीमंदिर थाना क्षेत्र के गांव चौंकी के नजदीक पल्सर मोटरसाइकिल पर सवार होकर हेरोइन बेचने के लिए खड़ा है। सूचना के आधार पर डिटेक्टिव स्टाफ इन्चार्ज इंस्पेक्टर निर्मल सिंह के नेतृत्व में टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बताए गए स्थान पर कार्रवाई करते हुए युवक को काबू कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान कर्ण निवासी खड़क मंगोली, उम्र 34 वर्ष के रूप में हुई। जिस पल्सर मोटरसाइकिल पर आरोपी सवार था उस पर नंबर प्लेट भी नहीं लगी हुई थी। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से 72 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना चंडीमंदिर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले भी हिमाचल प्रदेश और पंचकूला में पांच नशा तस्करी से संबंधित मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर 3 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है। रिमांड के दौरान आरोपी से गहन पूछताछ कर नशे की सप्लाई चेन और मुख्य सप्लायर के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक भी पुलिस पहुंच सके।उन्होंने कहा कि पंचकूला पुलिस जिले में नशे के कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है और ऐसे अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *