सोनीपत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का बड़ा बयान, बोले – सनातन धर्म और भारत एक-दूसरे के पूरक
सोनीपत : (विजय यादव)
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हरियाणा के सोनीपत में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल हुए। यह कार्यक्रम नागे बाबा मंदिर में आयोजित किया गया था, जहां उन्होंने संतों और श्रद्धालुओं को संबोधित किया। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री योगी ने सनातन धर्म और भारत के गहरे संबंध पर विस्तार से बात की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सनातन धर्म और भारत की आत्मा एक-दूसरे से जुड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति, परंपरा और सभ्यता सनातन मूल्यों पर आधारित है, जिसे कमजोर करने की कोशिशें लगातार की जा रही हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें धर्म को बदनाम करने और समाज को भ्रमित करने का प्रयास कर रही हैं। योगी ने कहा कि “कुछ लोग बाहर से धार्मिक दिखते हैं, लेकिन उनके विचार और कार्य धर्म-विरोधी एजेंडे से प्रेरित होते हैं।” ऐसे लोगों से समाज को सतर्क रहने की जरूरत है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि धर्म किसी पर थोपा नहीं जा सकता, लेकिन धर्म का सम्मान और उसकी रक्षा करना समाज की जिम्मेदारी है। उन्होंने संत समाज से आह्वान किया कि वे युवाओं को सही दिशा दिखाएं और सनातन संस्कृति के मूल्यों को आगे बढ़ाएं।अपने भाषण में योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि सरकार धार्मिक स्थलों के संरक्षण, संस्कृति के उत्थान और सामाजिक समरसता के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म केवल आस्था नहीं, बल्कि जीवन जीने की एक पद्धति है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में संत, साधु और श्रद्धालु मौजूद रहे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

