गुरुग्राम में छठ महापर्व की छटा, महिलाओं के बीच भाजपा युवा मोर्चा ने किया साड़ी वितरण समारोह
छठ महापर्व
गुरुग्राम छठ महापर्व की आस्था और उल्लास का रंग शनिवार को गुरुग्राम में भी देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा की प्रदेश मीडिया सह प्रभारी पायल सिंह के नेतृत्व में द्वारका एक्सप्रेसवे स्थित क्षेत्र में महिलाओं के लिए विशेष साड़ी वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लेकर इस पावन पर्व को और भी विशेष बना दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पायल सिंह को और उनके परिवार को दीर्घायु, सुख-समृद्धि और संतान सुख का आशीर्वाद दिया। मौके पर उपस्थित महिलाओं ने कहा कि “पायल दीदी समय-समय पर हमारी मदद करती हैं और हर सुख-दुख में हमारे साथ खड़ी रहती हैं।”अपने संबोधन में पायल सिंह ने कहा कि “यह मेरा सौभाग्य है कि बिहार और पूर्वांचल की माताएं-बहनें आज मुझे अपना आशीर्वाद देने यहां पहुंची हैं। छठ पूजा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि परिवार की खुशहाली, संतान सुख और समृद्धि की कामना का पर्व है।”

उन्होंने आगे कहा कि छठ व्रत रखने वाली महिलाएं सूर्य देव से अपने परिवार की भलाई और सुख-शांति की प्रार्थना करती हैं। पूजा और प्रसाद वितरण के समय वे अपने प्रियजनों को मंगलकामनाएं और आशीर्वाद देती हैं।इस अवसर पर पायल सिंह ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “केंद्र सरकार ने छठ पर्व को ध्यान में रखते हुए घाटों की सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं। साथ ही बिहार और पूर्वांचल के लोगों की सुविधा के लिए विशेष ट्रेनें भी चलाई गई हैं, जिससे वे अपने गांव जाकर अपने परिवार के साथ यह पावन पर्व मना सकें।”
छठ के अवसर पर हुआ यह आयोजन न केवल आस्था का प्रतीक बना, बल्कि समाजसेवा और जनसंपर्क का सुंदर उदाहरण भी प्रस्तुत कर गया।

