hariyana

लंबे समय से लंबित प्रमुख रेल सेवाओं की बहाली का मुद्दा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने सदन में उठाया

पंचकूला राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने आज सदन में विशेष उल्लेख के माध्यम से क्षेत्रीय संपर्क और यात्रियों की सुविधा से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण रेल सेवाओं के शीघ्र पुनः संचालन की आवश्यकता को रेखांकित किया।

अपने वक्तव्य में शर्मा ने कालका–बाड़मेर एक्सप्रेस का उल्लेख करते हुए कहा कि यह ट्रेन कालका, चंडीगढ़ एवं हिमाचल क्षेत्र को राजस्थान के प्रमुख शहरों से जोड़ने वाली एक महत्वपूर्ण रेल सेवा रही है। यह मार्ग वर्षों से लाखों यात्रियों के लिए आवागमन का एक भरोसेमंद और सुलभ साधन रहा है।

उन्होंने कहा कि इस प्रकार की रेल सेवाएं वरिष्ठ नागरिकों, उपचार हेतु यात्रा करने वाले मरीजों, विद्यार्थियों, नौकरीपेशा वर्ग और छोटे व्यापारियों के लिए विशेष रूप से उपयोगी रही हैं। इन ट्रेनों का पुनः संचालन स्वास्थ्य, शिक्षा, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों तक सुगम पहुंच सुनिश्चित करने में सहायक होगा।इसके अतिरिक्त, शर्मा ने हिमालयन क्वीन, पश्चिम एक्सप्रेस तथा कालका से अमृतसर तक चलने वाली अमृतसर मेल जैसी अन्य महत्वपूर्ण रेल सेवाओं की उपयोगिता की ओर भी सदन का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि ये सेवाएं लंबे समय से सुरक्षित, किफायती और सुविधाजनक यात्रा का माध्यम रही हैं तथा क्षेत्रीय संपर्क को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं।

सांसद कार्तिकेय शर्मा ने विश्वास व्यक्त किया कि यात्रियों की सुविधा और संपर्क को प्राथमिकता देने की दिशा में रेल मंत्रालय के सतत प्रयासों के अंतर्गत इन सेवाओं के पुनः संचालन पर शीघ्र सकारात्मक विचार किया जाएगा। उन्होंने जनहित और क्षेत्रीय विकास को ध्यान में रखते हुए इन ट्रेनों के पुनः संचालन का अनुरोध किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *