हरियाणा राज्य अंतर कॉलेज हॉकी चैंपियनशिप का भव्य शुभारंभ, हॉकी खेल को बढ़ावा देने की नई पहल।
बरवाला, :उच्चतर शिक्षा विभाग, हरियाणा के तत्वावधान में तथा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बरवाला (पंचकूला) के आयोजन में हरियाणा स्टेट इंटर कॉलेज हॉकी चैंपियनशिप 2025-26 का भव्य शुभारंभ किया गया। यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता 11 फरवरी से 13 फरवरी तक आयोजित की जा रही है, जिसमें लड़कों एवं लड़कियों की टीमें भाग ले रही हैं।इस अवसर पर भारत भूषण गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
उल्लेखनीय है कि उच्चतर शिक्षा विभाग द्वारा प्रायोजित खेलों की सूची में पहली बार हॉकी को शामिल किया गया है, जिससे प्रदेश में हॉकी खेल को नई पहचान और प्रोत्साहन मिलेगा। प्रतियोगिता में लड़कों के वर्ग में 4 टीमें तथा लड़कियों के वर्ग में 4 टीमें भाग ले रही हैं। टूर्नामेंट का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, टीम भावना, अनुशासन तथा स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देना है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नरेंद्र सिंह ने अपने संदेश में कहा कि खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

हॉकी जैसे सामूहिक खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास करते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन समिति और खेल विभाग को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। प्रतियोगिता में विजेता टीमों को आकर्षक नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। प्रथम पुरस्कार 25 हजार रुपये, द्वितीय पुरस्कार 15 हजार रुपये तथा तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपये रखा गया है।
पहले दिन खेले गए मुकाबलों में स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी राई (सोनीपत) और एआईएच जाट कॉलेज रोहतक के बीच लड़कों एवं लड़कियों दोनों वर्गों के मैच अत्यंत रोमांचक रहे और दोनों मुकाबले बराबरी पर समाप्त हुए।

