राज्य और शहर

मानवता की मिसाल बनी महुली पुलिस, एसओ दुर्गेश पांडेय ने सड़क पर तड़प रहे घायलों को खुद पहुंचाया अस्पताल

ईमान करीम अंसारी 

मेंहदावल, संतकबीरनगर। जनपद के महुली थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस का एक बेहद मानवीय और सराहनीय चेहरा देखने को मिला। सड़क दुर्घटना में घायल होकर तड़प रहे युवकों की मदद के लिए जहां लोग तमाशबीन बने खड़े रहे, वहीं थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पांडेय मौके पर पहुंचकर मानवता की मिसाल बन गए। उन्होंने न केवल घायलों को खुद उठाया बल्कि तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराकर संवेदनशील पुलिसिंग का परिचय दिया।

जानकारी के अनुसार महुली थाने से लगभग 500 मीटर दूर महुली-नाथनगर मार्ग पर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और दर्द से छटपटाते रहे। घटना के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ इकट्ठा हो गई, लेकिन अधिकांश लोग केवल तमाशा देखते रहे और किसी ने घायलों की मदद के लिए पहल नहीं की।इसी बीच घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पांडेय अपनी पुलिस टीम के साथ तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गए। मौके पर पहुंचते ही उन्होंने बिना देर किए गाड़ी से उतरकर सड़क पर पड़े गंभीर रूप से घायल युवक को अपने हाथों से उठाया और तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था में जुट गए। एंबुलेंस का इंतजार किए बिना उन्होंने घायल को अपनी सरकारी गाड़ी में बैठाने का प्रयास किया।


अपने थानाध्यक्ष की इस तत्परता को देखकर साथ मौजूद पुलिसकर्मी भी तुरंत मदद में लग गए। वहीं एसओ दुर्गेश पांडेय ने मौके पर मौजूद भीड़ को भी मानवता का संदेश देते हुए घायलों की मदद के लिए आगे आने की नसीहत दी। इसके बाद कुछ लोग भी आगे आए और घायलों को वाहन तक पहुंचाने में सहयोग किया।थानाध्यक्ष घायलों को लेकर अस्पताल केअस्पताल के लिए रवाना हुए। इसी दौरान रास्ते में पहुंची एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नाथनगर पहुंचाया गया। घायलों की पहचान महुली निवासी 45 वर्षीय बलराम तिवारी पुत्र भास्कर तिवारी तथा बस्ती जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के ग्राम बरी निवासी 17 वर्षीय अर्पित सिंह पुत्र अंगद सिंह के रूप में हुई।

सीएचसी नाथनगर में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पांडेय की इस संवेदनशील पहल और तत्परता की पूरे कस्बे में सराहना हो रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस का ऐसा मानवीय चेहरा समाज में भरोसा और सुरक्षा की भावना को मजबूत करता है। इस घटना के बाद क्षेत्र में महुली पुलिस की सक्रियता और मानवीयता की चर्चा तेज हो गई है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *