Politics

मुरादाबाद में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, भारती त्यागी के नेतृत्व में हरदीप पुरी का पुतला दहन

मुरादाबाद। केंद्रीय मंत्री के खिलाफ चल रहे विरोध अभियान के तहत रविवार को मुरादाबाद में उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। पश्चिमी उत्तर प्रदेश महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भारती त्यागी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनका पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग उठाई।


महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष भारती त्यागी ने कहा कि कथित रूप से एप्स्टीन फाइल में नाम आने को लेकर देशभर में कांग्रेस पार्टी विरोध दर्ज करा रही है। इसी क्रम में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रही हैं और केंद्रीय मंत्री से नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग कर रही हैं।उन्होंने कहा कि महिला कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर गंभीर है और जब तक मामले पर स्पष्टता नहीं आती, तब तक प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। इसी कड़ी में मुरादाबाद में भी महिला कांग्रेस की कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर नारेबाजी की और केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का पुतला दहन कर विरोध जताया।

इस दौरान महिला कांग्रेस की जिला व स्थानीय पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार से इस मामले की निष्पक्ष जांच कराने और संबंधित मंत्री से इस्तीफा लेने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *