पंचकूला में अवैध अतिक्रमण पर सख्ती, कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
अवैध अतिक्रमण
हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री विपुल गोयल ने सेक्टर-6 में अवैध अतिक्रमण की समस्या का संज्ञान लेते हुए नगर निगम अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि पंचकूला में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
विपुल गोयल आज सेक्टर-1 स्थित पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति, पंचकूला की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।बैठक के दौरान राजस्व मंत्री ने विभिन्न विषयों से संबंधित 6 शिकायतों को सुना, जिनमें से अधिकांश का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।सेक्टर-6 के एक निवासी ने एमसी पार्क नंबर 606 में लंबे समय से अवैध अतिक्रमण की शिकायत रखी। इस पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्क से अवैध अतिक्रमण तुरंत हटाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन निवासियों ने अपने घरों के पीछे गेट खोलकर अतिक्रमण किया है, उन्हें तत्काल बंद करवाया जाए।
सेक्टर-25, पंचकूला के निवासियों ने शिकायत में बताया कि गांव झुरीवाला में लंबे समय से कचरा पड़े रहने के कारण दुर्गंध फैल रही है और पर्यावरण भी प्रदूषित हो रहा है। इस पर मंत्री ने नगर निगम अधिकारियों को प्रतिदिन कचरा उठवाने तथा लिगेसी वेस्ट को शीघ्र साफ करवाने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने गांव अलीपुर में मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) शुरू करने के लिए प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से एनओसी प्राप्त करने हेतु सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी को नगर निगम पंचकूला के साथ समन्वय स्थापित कर तय समय सीमा में एनओसी प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि एमआरएफ सुविधा शीघ्र प्रारंभ की जा सके।

वार्ड नंबर-9 के पार्षद ने मंत्री को अवगत कराया कि नगर निगम पंचकूला के अंतर्गत आने वाले अभयपुर गांव में कुछ फैक्ट्री मालिकों द्वारा गांव की फिरनी की जमीन पर अवैध कब्जा किया गया है। उन्होंने बताया कि इन अवैध कब्जों के कारण एचएसवीपी को सीवरेज पाइपलाइन बिछाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस पर विपुल गोयल ने नगर निगम को अभयपुर से अवैध अतिक्रमण हटाने तथा एचएसवीपी को सीवरेज पाइपलाइन डालकर आगामी बैठक में प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
एमडीसी सेक्टर-6 पंचकूला के निवासियों ने शिकायत की कि गांव भैंसा टिब्बा में पंचकूला महानगर विकास प्राधिकरण (पीएमडीए) की जमीन पर मेन रोड से सटे फुटपाथ पर दुकानों, तंदूर और भट्ठियां लगाकर अवैध कब्जा किया गया है, जिससे पैदल चलने वालों को भारी असुविधा हो रही है। इस पर मंत्री ने पीएमडीए अधिकारियों को निर्देश दिए कि अतिक्रमणकारियों को 10 दिन का समय दिया जाए। यदि तय समय में अतिक्रमण नहीं हटाया जाता है तो कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाकर वहां ग्रिल लगाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में पुनः अतिक्रमण न हो।
इस अवसर पर पंचकूला के विधायक चंद्रमोहन, कालका की विधायक शक्ति रानी शर्मा, विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता, अतिरिक्त उपायुक्त निशा यादव, डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक मनप्रीत सिंह सूदन, एसडीएम पंचकूला चंद्रकांत कटारिया, भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बंतो कटारिया, जिला अध्यक्ष अजय मित्तल, पूर्व मेयर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कष्ट निवारण समिति के गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।

