Politicsदिल्ली

ईडी ने सारा घर छान मारा, लेकिन कुछ नहीं मिला, फिर भी संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया- अरविंद केजरीवाल

सांसद संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक एवं सीएम अरविंद केजरीवाल ने अपनी पत्नी सुनीता केजरीवाल के साथ देर रात घर जाकर उनके परिवार से मुलाकत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को ये गलतफहमी है कि इन गिरफ्तारियों से हम डर और झुक जाएंगे। हम इससे डरने-झुकने वाले लोग नहीं हैं। संजय सिंह, पीएम मोदी के भ्रष्टाचार के खिलाफ देश की सबसे बुलंद आवाज हैं, यही इनको बर्दाश्त नहीं हो रहा था। ईडी ने सारा घर छान मारा, लेकिन कुछ नहीं मिला। इसके बाद भी उनको गिरफ्तार किया गया। सीएम ने आगे कहा कि अगर हम इन लोगों की तरह बेइमान हो जाएं, तो हमारी सारी समस्याएं खत्म हो जाएंगी। हम लोग कट्टर ईमानदार हैं और इनके पास हमारी ईमानदारी का कोई काउंटर नहीं है। पिछले आठ सालों में इन्होंने मेरे सातों जनम छान मारे हैं, लेकिन आजतक एक चवन्नी का भी भ्रष्टाचार नहीं मिला है।

आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सदस्य संजय सिंह की गिरफ्तारी के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल अपनी पत्नी के साथ देर रात उनके परिवार से मिलने पहुंचे। सीएम अरविंद केजरीवाल और उनकी पत्नी सुनीता केजरीवाल संजय सिंह के परिवार के साथ कुछ देर तक बात की और भरोसा दिया कि पूरी पार्टी उनके साथ मजबूती के साथ खड़ी है। ‘‘आप’’ का कहना है कि मोदी जी के लूटतंत्र के खिलाफ आवाज उठाने वाले संजय सिंह के साथ पूरा देश खड़ा है।

सांसद संजय सिंह के परिवार से मिलने के बाद सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि आज अगर हम इन लोगों की तरह बेइमान हो जाएं, तो हमारी सारी समस्याएं खत्म हो जाएंगी। हम कट्टर ईमानदार हैं, इसी वजह से ये सारी समस्याएं आ रही हैं। इनकी सबसे बड़ी दुखती रग यही है कि ये सिर से लेकर पांव तक भ्रष्टाचारी हैं। इन लोगों के पास हमारी ईमानदारी का काउंटर नहीं है। इन्होंने हमें बदनाम करने की खूब कोशिशें कीं। कभी कहते हैं कि केजरीवाल ने बसों में पैसे खा लिए, कभी कहते हैं कि केजरीवाल बिजली में पैसे खा गया, कभी कहते हैं कि केजरीवाल पानी, स्कूल, सड़क बनवाने में पैसे खा गया। मुझे मुख्यमंत्री बने आठ साल हो गए हैं। इन आठ सालों में इन्होंने मेरे सातों जनम छान मारे हैं, लेकिन इनको कोई भ्रष्टाचार नहीं मिला।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पिछले एक साल से इन्होंने तथाकथित शराब घोटाले का एक नया राग अलापना चालू किया है। इस शराब घोटाले के उपर ये एक हजार से ज्यादा जगहों पर छापेमारी कर चुके हैं। पता नहीं कितने लोगों को गिरफ्तार भी कर चुके हैं। ये कहते हैं कि 100 करोड़ रुपए का ये घोटाला है, लेकिन इतनी रेड मारने के बाद भी इनको एक चवन्नी भी नहीं मिली है। इनको कहीं कोई पैसा नहीं मिला है। इनको न तो कोई जमीन के कागजात मिले, न जेवरात मिले, न तो कोई पैसा ही मिला। इसके बाद भी ये जबरदस्ती गिरफ्तार किए जा रहे हैं। आज इन्होंने संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि संजय सिंह पीएम नरेंद्र मोदी जी के भ्रष्टाचार के खिलाफ इस देश की सबसे बुलंद आवाज हैं। मोदी जी सिर से पैर तक भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। मैं समझता हूं कि आजाद भारत के सबसे भ्रष्टाचारी प्रधानमंत्री अगर कोई है तो वो नरेंद मोदी जी हैं। कल जब इनकी सरकार नहीं रहेगी और इनके कारनामों की जांच की जाएगी, तब पता चलेगा कि इन्होंने कितना भ्रष्टाचार किया है और उस भ्रष्टाचार के खिलाफ संसद के अंदर और बाहर सबसे बुलंद आवाज संजय सिंह की थी। यह मोदी जी को बर्दाश्त नहीं हो रहा था। पहले संजय सिंह को संसद से निलंबित करवाया और आज इन्होंने बिल्कुल गैर कानूनी तरीके से गिरफ्तार करा लिया। संजय सिंह के पिता जी बता रहे हैं कि सबेरे से शाम तक ईडी ने घर का सारा सामान छान मारा, तकिये, गद्दे सब देखा लेकिन कुछ नहीं मिला। इसके बाद भी संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया।

सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब चुनाव आ रहे हैं। जब से इंडिया गठबंधन बना है, तब से वो बुरी तरह से बौखलाए हुए हैं। क्योंकि उनको लग रहा है कि अगर ये गठबंधन सफल हो गया, जो कि सफल होगा, तो फिर मोदी जी बुरी तरह से हार रहे हैं। इसी बौखलाहट का भी यह नतीजा है कि आज संजय सिंह को गिरफ्तार किया गया है। 2024 के चुनाव तक बहुत लोग गिरफ्तार होंगे। न जाने ये किस-किस को गिरफ्तार करेंगे। उन्होंने कहा कि संजय सिंह एक शेर हैं, वो घबराने वाले नहीं हैं। पीएम मोदी को ये गलतफहमी है कि इन गिरफ्तारियों से हमें वो डरा देंगे-झुका देंगे। हम डरने-झुकने वाले लोग नहीं है। हम सच्चाई के रास्ते पर निकले हैं, जो भी इसका खामियाजा होगा, हम सामना करेंगे। इस लड़ाई को हम कोर्ट से लेकर सड़क तक लड़ेंगे।

 

मरना मंजूर है, डरना मंजूर नहीं, मोदी जी के भ्रष्टाचार और अडानी के महा घोटाले के खिलाफ बोलता रहा हूं, बोलता रहूंगा- संजय सिंह

वहीं, गिरफ्तारी से पहले सांसद संजय सिंह ने एक वीडियो जारी कर कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार के भ्रष्टाचार और अडानी के महाघोटाले के खिलाफ मैं लगातार बोलता रहा हूं। मैंने ईडी में अडानी के घोटाले के खिलाफ कई शिकायतें भी की। लेकिन कभी कोई कार्रवाई नहीं हुई। आज अचानक ईडी हमारे घर पहुंच गई और दिन भर छापेमारी की। सारी जांच के बाद भी कुछ नहीं मिला। इसके बावजूद जबरन मेरी गिरफ्तारी की जा रही है। लेकिन हम लोग आम आदमी पार्टी के सिपाही हैं। हम मोदी जी से कहना चाहते हैं कि आप चुनाव बुरी तरीके से हार रहे हैं और यह आपकी हार और हताशा का संकेत है। यह इस बात का उदाहरण है कि एक कायर और डरपोक प्रधानमंत्री किस तरह से जुर्म और तानाशाही करके लोगों को जेल जेल में डालकर चुनाव जीतना चाहता है। लेकिन मैं प्रधानमंत्री को याद दिलाना चाहता हूं कि जब-जब जुर्म बढ़ता है, तब-तब उसके खिलाफ जनता की आवाज बुलंद होती है।

मैं आज फिर दोहरा रहा हूं कि मरना मंजूर है, लेकिन डरना मंजूर नहीं है। चाहे जितनी यातनाएं मोदी जी दें, नरेंद्र मोदी के भ्रष्टाचार और अडानी के महा घोटाले के खिलाफ बोलता रहा हूं और बोलता रहूंगा।

ईडी 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *