मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नंदगढ़ में किया विकास कार्यों का शिलान्यास, क्षेत्र को दी करोड़ों की सौगात
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता आज जींद जिले के जुलाना क्षेत्र के नंदगढ़ गांव में पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्र के विकास कार्यों की झड़ी लगाते हुए 16 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत की 8 परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नंदगढ़ के लिए आज ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि यहां की बेटी रेखा गुप्ता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की सेवा का अवसर दिया है। उन्होंने कहा कि रेखा गुप्ता का राजनीतिक जीवन दर्शाता है कि भारत अब बदल रहा है। एक छोटे से गांव की बेटी आज दिल्ली की मुख्यमंत्री बनकर देश की सेवा कर रही है, यह नारी सशक्तिकरण और मोदी सरकार की नीतियों का प्रत्यक्ष उदाहरण है।

सैनी ने कहा कि जुलाना विधानसभा क्षेत्र में अब तक 20,433 करोड़ रुपये के विकास कार्य कराए जा चुके हैं, जबकि कांग्रेस सरकार के 10 वर्षों में केवल 202 करोड़ रुपये के काम हुए थे। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नई सड़कों, जलघरों और तीन नए बिजली सबस्टेशनों का निर्माण करवाया गया है। हैबतपुर में 945 करोड़ की लागत से मेडिकल कॉलेज बनाया जा रहा है और पांडु पिंडारा गांव में नया बस अड्डा भी बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि 7 लाख 54 हजार लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाए गए हैं, जिनमें से 50 हजार से अधिक लोगों को मुफ्त इलाज की सुविधा दी गई है। गरीब परिवारों को 500 रुपये में गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए गए हैं।
वहीं दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा कि नंदगढ़ उनका पैतृक गांव है और 48 साल बाद वे यहां लौटी हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को बड़ा भाई बताते हुए कहा कि उन्होंने न सिर्फ गांव और क्षेत्र में विकास कार्य कराए, बल्कि उनके हाथों उद्घाटन भी करवाया, यह उनके लिए सम्मान की बात है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली उनकी कर्मभूमि है और हरियाणा जन्मभूमि। वे दोनों प्रदेशों की सेवा में समर्पित हैं और ईश्वर से प्रार्थना करती हैं कि उन्हें इतनी शक्ति दें कि वे अपने दोनों घरों के लिए काम करती रहें। उन्होंने कहा, “विकसित भारत 2047 का सपना तभी पूरा होगा जब विकसित हरियाणा और विकसित दिल्ली साथ चलेंगे।” उन्होंने मुख्यमंत्री सैनी की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह हमेशा मार्गदर्शन करते हैं और विकास कार्यों को दिशा देने में उनका अहम योगदान है।
इस दौरान मंच से तीज महोत्सव भी मनाया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी और डिप्टी स्पीकर कृष्ण मिड्डा भी उपस्थित रहे। रेखा गुप्ता ने मंच से दोनों नेताओं का आभार जताया और कहा कि अपने परिवार के साथ यह पर्व मनाना उनके लिए सौभाग्य की बात है।
यह कार्यक्रम न केवल नंदगढ़ बल्कि पूरे जुलाना क्षेत्र के लिए एक बड़ा संदेश था कि अब विकास किसी क्षेत्रवाद की भेंट नहीं चढ़ेगा, बल्कि हर घर तक पहुंचेगा — ट्रिपल इंजन की ताकत से।