एशियाई पैरा गेम्स- 2023 में प्रज्ञान के पूर्व छात्र प्रवीण कुमार ने जीतकर स्वर्ण पदक
जेवर। प्रज्ञान पब्लिक स्कूल जेवर के पूर्व छात्र पैराओलम्पियन एवं अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित प्रवीण कुमार ने चीन के हांगझू में चल रहे एशियाई पैरा गेम्स- 2023 में पुरुषों की हाई जंप-टी-44 प्रतियोगिता में 2.02 मीटर की छलांग के साथ स्वर्ण पदक जीतकर एक बार फिर देश का नाम रोशन किया है।एशियाई पैरा गेम्स- 2023 में भारत के लिए सोमवार का दिन स्वर्णिम रहा।
एक तरफ जहां भारत ने पांच गोल्ड मेडल अपने नाम किए हैं, तो वहीं चार सिल्वर और तीन कांस्य पदक पदक भी भारत को मिले हैं।इस सूची में टी- 44
पुरुष हाई जंप प्रतियोगिता में भारत की ओर से प्रवीण कुमार ने 2.02 मीटर की छलांग के साथ गोल्ड मेडल हासिल किया। प्रवीण कुमार टोक्यो -2021 पैरालंपिक में सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। अपने पूर्व छात्र प्रवीण कुमार के पैरा गेम्स- 2023 में स्वर्ण पदक जीतने की खबर सुनते ही विद्यालय में खुशी का माहौल छा गया।